मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पितः भरत सिंह चौधरी

-कर्णप्रयाग में प्रेस वार्ता कर गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां

कर्णप्रयाग (चमोली)।  चमोली जिले के प्रभारी एवं सरकार के ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के नए आयाम स्थापित करने वाले रहे हैं। देश ने इस अवधि में आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।

कर्णप्रयाग ब्लाॅक सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए काबिना मंत्री चौधरी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले और वर्तमान भारत के विकास की तुलना की जाए तो व्यापक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं और आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने का कार्य किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है।

काबिना मंत्री चौधरी ने कहा कि देश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों में ऑल वेदर रोड परियोजना ने यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नए मेडिकल कॉलेजों, एम्स संस्थानों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से आम जनता को लाभ मिल रहा है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और रोजगारपरक बनाने का प्रयास किया गया है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व स्तर पर भारत की मजबूत पहचान स्थापित करने में सफल रहे हैं। आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका पहले की तुलना में अधिक प्रभावशाली हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को पीछे छोड़ते हुए भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, जो उनके नेतृत्व में जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही हैं। राज्य में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।

इस दौरान विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, कर्णप्रयाग पालिकाध्यक्ष गणेश शाह, गोपेश्वर पालिकाध्यक्ष संदीप रावत, कर्णप्रयाग ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, मुख्य विकास अधिकार डॉ अभिषेक त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी केके पंत, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बृजेश बिष्ट, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विक्रम मिंगवाल आदि मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दिव्यांगजनों सहित 28 लोगों का पहली बार आधार पंजीकरण, प्रशासन की पहल बनी सहारा

Sun Jun 14 , 2026
कोटद्वार : जनपद के ऐसे नागरिक जो विभिन्न कारणों से अब तक आधार पहचान से वंचित थे, उनके लिए जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की संयुक्त पहल अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जिला कार्यालय परिसर में आयोजित विशेष आधार नामांकन एवं अद्यतन शिविर […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!