चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी बोलेरो, सात लोगों की मौत

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। हादसा पुखरी क्षेत्र के चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास हुआ, जहां एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव के निवासी काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। देर रात घर लौटते समय छतरूंड के समीप वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बोलेरो सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकाला। बाद में पुलिस, प्रशासन और राहत दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने दुर्घटना स्थल पर सड़क सुरक्षा इंतजामों की कमी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क किनारे क्रैश बैरियर लगाए गए होते तो हादसे की गंभीरता कम हो सकती थी।

पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद पूरे महल गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन मृतकों की पहचान और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा हुआ है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महाराष्ट्र की राजनीति में ‘ऑपरेशन टाइगर’ पर नया मोड़, उद्धव गुट के दो सांसदों ने बगावत से किया इनकार

Fri Jun 19 , 2026
मुंबई/नई दिल्ली। महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना (यूबीटी) के कथित ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच नया मोड़ सामने आया है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने दावा किया है कि पार्टी में टूट की अटकलों के बीच लोकसभा अध्यक्ष को भेजे गए कथित पत्र […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!