आधी रात एक्शन मोड में दिखे SSP अजय गणपति, औचक निरीक्षण में कई पुलिसकर्मी ड्यूटी से नदारद, इनको किया सस्पेंड 

रुद्रपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस की रात्रिकालीन सतर्कता परखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति बुधवार देर रात स्वयं फील्ड में उतर गए। एसएसपी ने रात करीब 12:00 बजे से प्रातः 3:00 बजे तक रुद्रपुर से लेकर कोतवाली जसपुर तक विभिन्न पुलिस चेकिंग प्वाइंटों और ड्यूटी स्थलों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस की वास्तविक प्रतिक्रिया (रिस्पांस) को परखने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से एक काल्पनिक फायरिंग की घटना की सूचना फ्लैश कराई। सूचना में बताया गया कि फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो रहे हैं, जिसके बाद जिलेभर में व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

औचक निरीक्षण के दौरान एसएसपी स्वयं विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों पर पहुंचे। इस दौरान कई पुलिसकर्मी ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित पाए गए, जबकि कुछ कर्मियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को अपनी गलत लोकेशन बताई। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी अजय गणपति ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्रवाई की जद में आने वालों में कोतवाली कैलाखेड़ा के उपनिरीक्षक हरीश महर एवं आरक्षी कमल सिंह, कोतवाली बाजपुर के उपनिरीक्षक धीरेन्द्र परिहार, आरक्षी शैलेन्द्र सिंह और आरक्षी पूरन चन्द्र तथा कोतवाली आईटीआई के उपनिरीक्षक सुशील कुमार, मुख्य आरक्षी सिराज हुसैन, आरक्षी धर्मेन्द्र भारती और आरक्षी मोहन गिरी शामिल हैं।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता और गलत सूचना देने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए रात्रिकालीन निरीक्षण और आकस्मिक जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

BJP का मिशन-2027 शुरू : बूथ जीतो अभियान, विकास यात्रा और PM की जनसभाओं की तैयारी

Thu Aug 6 , 2026
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय में संगठन महासचिव बी.एल. संतोष की अध्यक्षता में आयोजित राज्य कोर ग्रुप की बैठक में चुनावी रणनीति को […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!