उत्तराखंड : 9.87 लाख पेंशन लाभार्थियों के खातों में पहुंची 146.32 करोड़ रुपये की राशि

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान लाभार्थियों के खातों में कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि किसी बुजुर्ग, विधवा या दिव्यांग व्यक्ति को पेंशन के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। प्रत्येक पात्र नागरिक को समय पर और सम्मानपूर्वक उसका अधिकार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का समग्र विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास सुनिश्चित हो।

9.87 लाख लाभार्थियों को मिला पेंशन का लाभ

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किश्त का भुगतान किया गया है। इस माह विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों को पेंशन राशि दी गई। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को वर्तमान में SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।

वृद्धावस्था पेंशन में सबसे अधिक लाभार्थी

जुलाई माह में वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 92.34 करोड़ रुपये वितरित किए गए। वहीं विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 35.54 करोड़ रुपये की राशि दी गई।

दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 13.36 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 3.20 करोड़ रुपये तथा परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 99.40 लाख रुपये वितरित किए गए।

इसके अलावा भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 700 रुपये की दर से 51.68 लाख रुपये, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 26.35 लाख रुपये और बौना पेंशन योजना के 127 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 1.52 लाख रुपये की राशि दी गई। सरकार के अनुसार डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाने से भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो रही है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सेहत की सुरक्षा, धामी सरकार की प्राथमिकता, नकली डेयरी उत्पादों पर प्रदेशव्यापी प्रतिबंध, मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा

Mon Aug 10 , 2026
उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले उत्पाद अब नहीं बिकेंगे, पूरे उत्तराखंड में सघन जांच अभियान देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेश में शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। जनस्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!