जनता मिलन में डीएम गौरव कुमार के सामने पहुंचीं 15 शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

गोपेश्वर (चमोली)। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 15 शिकायतें दर्ज की गईं। फरियादियों ने आवास, पेंशन, उपचार के लिए आर्थिक सहायता, सोलर लाइट और बिजली से जुड़ी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में गैरसैंण निवासी पार्वती देवी ने अटल आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। निर्धारित मानकों के अनुसार पात्रता नहीं होने पर डीएम ने परियोजना निदेशक को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता की जांच कर लाभान्वित कराने को कहा। जिला समाज कल्याण अधिकारी को ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से गांवों में अटल आवास योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा।

पोखरी निवासी भोपाल राम ने उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगी। इस पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता के लिए कार्रवाई करने के निर्देश उपजिलाधिकारी को दिए।

कोटेश्वर निवासी बीरू लाल की पेंशन संबंधी शिकायत पर जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक और मुख्य कोषाधिकारी को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। नंदप्रयाग निवासी देवेंद्र लाल की सोलर लाइट संबंधी शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय कर समाधान करने के निर्देश दिए। कर्णप्रयाग निवासी सुधा देवी की विद्युत संबंधी शिकायत पर अधिशासी अभियंता को कार्रवाई करने को कहा।

इस दौरान डीएम ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग तनुज काम्बोज समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में नाराजगी, 17 से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार

Mon Nov 16 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। लंबित मांगों पर शासन-प्रशासन की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिए जाने से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आक्रोश बढ़ गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता संयुक्त संगठन मोर्चा, उत्तराखंड ने 17 नवंबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत चमोली जिले में पोषण ट्रैकर, बीएलओ ड्यूटी […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!