पौड़ी : प्रगति पोर्टल से विकास कार्यों पर रहेगी रियल टाइम निगरानी

पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में विकास कार्यों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गयी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन एवं पारदर्शी प्रशासन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए “पौड़ी प्रगति पोर्टल” लॉन्च किया गया है। यह अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेगा।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में तैयार किए गए इस पोर्टल के माध्यम से जनपद में संचालित जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित तथा बाह्य सहायतित योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों एवं उनके डिवीजनों को लॉगिन आईडी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से संबंधित अधिकारी अपने विभागों के स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति, व्यय विवरण एवं कार्यस्थल के फोटो समय-समय पर अपलोड करेंगे। इससे प्रत्येक योजना की अद्यतन स्थिति एक ही मंच पर उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि पोर्टल की विशेषता यह है कि इसके माध्यम से विकासखंडवार एवं विभागवार रिपोर्ट तत्काल प्राप्त की जा सकेगी। इससे उच्चाधिकारियों को योजनाओं की समीक्षा एवं निर्णय लेने में सुविधा मिलेगी। साथ ही कार्यों में हो रही देरी या लापरवाही को समय रहते चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

उल्लेखनीय है कि चालू वित्तीय वर्ष में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक के दौरान जनपद पौड़ी के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक द्वारा “पौड़ी प्रगति पोर्टल” का औपचारिक शुभारंभ किया गया था। उन्होंने इस पहल को जनपद के समग्र विकास हेतु एक आधुनिक, प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी कदम बताते हुए जिला प्रशासन की सराहना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि “पौड़ी प्रगति पोर्टल” विकास कार्यों की निगरानी के लिए एक सशक्त एवं पारदर्शी माध्यम के रूप में कार्य करेगा। इसके जरिए सभी विभागों की प्रगति पर निरंतर नजर रखी जा सकेगी, जिससे कार्यों में गति के साथ-साथ गुणवत्ता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाने के साथ-साथ विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर सतत निगरानी रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनपद में संचालित सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग के माध्यम से प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है तथा “पौड़ी प्रगति पोर्टल” इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो जनपद पौड़ी गढ़वाल को विकास के नए आयाम प्रदान करेगा।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आवास संघ करेगा सहकारिता से जुड़े निर्माण कार्य – डॉ. धन सिंह रावत

Sun May 17 , 2026
समीक्षा बैठक में विभागीय मंत्री ने दिये अधिकारियों को निर्देश कहा – शीर्ष सहकारी संस्था करेगी सामुहिक सहकारी खेती योजना का संचालन देहरादून : सूबे में सहकारिता से जुड़े सभी निर्माण कार्य उत्तराखंड आवास एवं निर्माण सहकारी संघ के माध्यम से किये जायेंगे। आवास संघ कार्यदायी संस्था के तौर पर […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!