हर घर तिरंगा यात्रा में सीएम धामी का आह्वान, स्वतंत्रता दिवस पर हर घर फहराएं तिरंगा

देहरादून। गांधी पार्क से घंटाघर तक रविवार को निकली हर घर तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। देवभूमि के कण-कण में राष्ट्रभक्ति की भावना बसी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का मनोबल भी मजबूत हुआ है और सर्जिकल स्ट्राइक तथा ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से देश ने अपनी सामरिक क्षमता का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को बड़ी संख्या में वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक पहुंच चुकी है। सरकार युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम स्टे और पर्यटन नीति जैसी योजनाएं संचालित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के मूल स्वरूप और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए कई कड़े कानून लागू किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई और युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार ने काम किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान, संस्कृति और विरासत के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति और एकता के पर्व के रूप में मनाने तथा हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल सहित भाजपा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

19 सीटों पर कांग्रेस को तलाशने होंगे नए उम्मीदवार, दावेदारों को साधना चुनौती

Mon Aug 10 , 2026
-दूसरी पांत के नेताओं को साधना आसान नहीं, कई सीटों पर दावेदारों की लंबी कतार गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी कांग्रेस के सामने अब 19 विधानसभा सीटों पर नए प्रत्याशियों के चयन की चुनौती खड़ी हो गई […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!