घरों की रेकी कर देते थे चोरी, कोटद्वार पुलिस ने शातिर गैंग का किया पर्दाफाश

दिल्ली-यूपी के तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की ज्वैलरी, स्कूटी और औजार बरामद

कोटद्वार। घरों की पहले रेकी करना और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देना शातिर गिरोह की पहचान बन चुका था। लेकिन कोटद्वार पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सघन जांच के आधार पर इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने-चांदी की ज्वैलरी, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और चोरी के औजार भी बरामद किए हैं।

कोतवाली कोटद्वार में 3 अगस्त को प्राची रावत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 अगस्त को वह अपनी मां को छोड़ने घर से बाहर गई थी। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी हो चुका था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने 5 अगस्त को दिल्ली निवासी राहत अली (35), अमरोहा निवासी अरुण (23) और संभल सराय निवासी रिहान (22) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि राहत अली गिरोह का सरगना है और उसके खिलाफ दिल्ली में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी चोरी से पहले कई दिनों तक घरों की रेकी करते थे। घर के सदस्यों की दिनचर्या और आवाजाही पर नजर रखने के बाद रिहान और अरुण निगरानी करते थे, जबकि राहत अली घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के सामान को बेचकर मिली रकम का इस्तेमाल आरोपी नशे की लत पूरी करने में करते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की अंगूठी, दो चांदी की चेन, तीन जोड़ी चांदी की पाजेब, एक सूटकेस, कपड़े, घटना में प्रयुक्त स्कूटी (यूके 15इ-2061) तथा सब्बल, प्लास, पेचकस, बोल्ट लीवर और कटर बरामद किए हैं।

तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री धामी बोले- युवाओं को रोजगार देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, आने वाले महीनों में हजारों पदों पर की जाएगी भर्ती

Sat Aug 8 , 2026
देहरादून: विधानसभा चुनाव से पहले पुष्कर सिंह धामी सरकार एक बार फिर से सरकारी नौकरियों का पिटारा खोलने की तैयारी में है। इसी क्रम में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, दिसंबर से पहले विभिन्न विभागों में करीब 2500 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इसके साथ […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!