PM मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, कोटद्वार में 11 कार्यक्रमों का होगा आयोजन

कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रारम्भ होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले 11 विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के रूप में मनाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सामाजिक, रचनात्मक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों की सेवा करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत निम्न 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे—

1. आशीर्वाद का दीया

17 सितम्बर को अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत मंदिरों, आध्यात्मिक केंद्रों, ऐतिहासिक धरोहरों, प्रबुद्धजनों एवं कार्यकर्ताओं के घरों पर आशीर्वाद का दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा।

2. 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत

इस कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश में हुए सकारात्मक बदलावों पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य बच्चों में विकसित भारत की परिकल्पना और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

3. नमो सेवा गाथा

‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों एवं अन्य रचनात्मक माध्यमों से केंद्र सरकार की जनउपयोगी एवं कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

4. आंगन का उत्सव

25 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत समाज के वंचित वर्गों के बीच स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिलाओं, विशेष रूप से आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।

5. कहानी बदलाव की

इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियों को सामने लाया जाएगा, ताकि योजनाओं से आए प्रत्यक्ष एवं सकारात्मक बदलाव की जानकारी समाज तक पहुंच सके।

6. विकसित भारत संकल्प यात्रा

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स एवं इंफ्लुएंसर्स को ऐसे स्थानों का भ्रमण कराया जाएगा, जहां पिछले वर्षों में उल्लेखनीय एवं प्रत्यक्ष विकासात्मक बदलाव हुए हैं। इसके माध्यम से विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।

7. सेवा ज्योति यात्रा

अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

8. सेवा सेतु

‘सेवा सेतु’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक ब्लॉक एवं नगर में बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न आवश्यक सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

9. सेवा मेरा योगदान

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, योग एवं ध्यान, कैरियर काउंसलिंग, अंगदान संकल्प अभियान तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

10. रंगोली राष्ट्र

‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर राष्ट्र भावना, संस्कृति एवं विकसित भारत की थीम पर रंगोली बनाई जाएगी। इसके माध्यम से रचनात्मकता के साथ राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।

11. राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज

अभियान के अंतिम प्रमुख कार्यक्रम ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ के तहत नवाचार एवं रचनात्मकता से जुड़े युवाओं और नागरिकों से संवाद किया जाएगा तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के 11 विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए जिला महामंत्री सुरेन्द्र आर्य को जिला संयोजक तथा जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी एवं हरी सिंह पुंडीर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शांता बमराड़ा एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शशि बाला केष्टवाल को सह-संयोजक का दायित्व सौंपा गया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र ही ‘सेवा ही संगठन’ है और सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को और अधिक व्यापक रूप देने का माध्यम बनेगा। अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करेंगे।

पत्रकार वार्ता में सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक सुरेन्द्र आर्य, नगर अध्यक्ष विकास दीप मित्तल, जिला उपाध्यक्ष हरी सिंह पुंडीर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शांता बमराड़ा, कालागढ़ मंडल अध्यक्ष मीनाक्षी चौधरी, युवा मोर्चा जिला महामंत्री विजय रावत एवं आशीष रौतेला सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!