उत्तराखंड : BJP युवा मोर्चा नेता की हत्या और अपहरण का प्रयास, पुलिस ने दर्ज की FIR

देहरादून: पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी पर कार चढ़ाकर हत्या की कोशिश की गई और इसके बाद अपहरण का प्रयास भी किया गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

नयागांव चंद्रबनी निवासी 26 वर्षीय हर्ष वालिया, जो भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले क्लेमनटाउन थाने में उनका कुछ युवकों से विवाद हुआ था। उस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।

पीड़ित के अनुसार, 20 अप्रैल की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच वह गौतम कुंड के पास एक कैफे से लौट रहे थे, तभी पीछे से आई एक आई-20 कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।

आरोप है कि कार से उतरे युवकों ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। इसी दौरान दूसरी कार से आए अन्य युवक उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़े, जिससे आरोपी घबरा गए।

इस दौरान हमलावरों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। हर्ष वालिया किसी तरह मौके का फायदा उठाकर पास की दीवार फांदकर भाग निकले। घटना में उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक मकान की दीवार भी टूट गई।

पीड़ित ने हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान, चेतन्य शर्मा समेत कुछ अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक कार को कब्जे में ले लिया। पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बद्री विशाल के जयकारों से गुंजायमान हुई देवभूमि, ज्योतिर्मठ धाम के लिए रवाना हुई आदिगुरु की गद्दी

Tue Apr 21 , 2026
ज्योतिर्मठ : देवभूमि उत्तराखंड में विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का विधिवत शंखनाद हो चुका है। इसी कड़ी में भगवान बद्री विशाल के कपाट खोलने की धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी भव्यता के साथ शुरू हो गई हैं। मंगलवार को ऐतिहासिक नृसिंह मंदिर से आदिगुरु शंकराचार्य जी की पावन गद्दी, भगवान विष्णु के […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!