बद्रीनाथ : देवभूमि उत्तराखण्ड में वर्तमान में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है, जहाँ देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अटूट आस्था के साथ पवित्र धामों में शीश नवा रहे हैं। श्रद्धालुओं की इसी भारी भीड़ और आस्था का लाभ उठाकर कुछ असामाजिक तत्व अपनी तिजोरियाँ भरने की फिराक में थे। लेकिन बद्रीनाथ पुलिस और एंटी थेप्ट स्क्वाड की पैनी नजरों ने इन शातिर ‘जेबकतरों’ के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।
थाना श्री बद्रीनाथ पुलिस को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि एक अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह भीड़ में घुलमिलकर श्रद्धालुओं का ध्यान भटका रहा है और उनके कीमती सामान पर हाथ साफ कर रहा है। यह गिरोह विशेष रूप से स्नान घाटों और मंदिर परिसर जैसे अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में सक्रिय था।
बीती 27 अप्रैल को वादी नरेश चन्द्र (निवासी पौड़ी गढ़वाल) द्वारा कोतवाली श्री बद्रीनाथ में एक तहरीर दी गई थी। वादी के अनुसार, उनके महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे आईडी, डीएल, पैन कार्ड, एटीएम और 10 हजार रुपए गर्भ गृह में दर्शन के दौरान चोरी हो गए थे। इस शिकायत के आधार पर कोतवाली श्री बद्रीनाथ में मु0अ0 सं0 01/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पँवार द्वारा तत्काल एक विशेष एंटी थेप्ट स्क्वाड का गठन किया गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे गिरोहों पर नकेल कसने के लिए मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ आधुनिक सर्विलांस का भी उपयोग किया जाए।
पुलिस टीम ने सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर 4 संदिग्धों को चिन्हित करते हुए घेराबंदी की और हनुमान चट्टी के पास दो संदिग्ध वाहनों को सफलतापूर्वक रोका। वाहनों की सघन तलाशी लेने पर अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 14 लाख रुपये की कीमत के कुल 13 हाई-एंड मोबाइल फोन बरामद हुए।
विभिन्न मॉडलों के 07 आईफोन,
03 सैमसंग S24 अल्ट्रा,
01 वनप्लस 10R,
01 रेडमी नोट 13
01 रियलमी 13 प्रो जैसे महंगे स्मार्टफोन शामिल थे।
इसके अतिरिक्त इन आरोपियों के पास से 58,860 रुपये की नगदी भी बरामद की है जो चोरी की वारदातों से जुटाई गई थी साथ ही, पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त किए गए दोनों वाहनों PB 31 Y 1800 (KIA) व PB 10 HV 4662 (TATA NEXON) को भी सीज कर दिया है।
केदारनाथ में हाथ साफ कर बद्रीनाथ में कर रहे थे वारदात
पूछताछ में यह बड़ा खुलासा हुआ कि बरामद किए गए फोन इन शातिरों ने केदारनाथ धाम से चुराए थे। इनमें से एक ‘आईफोन 15 प्रो मैक्स’ के संबंध में थाना सोनप्रयाग (रुद्रप्रयाग) में मुकदमा भी पंजीकृत है। केदारनाथ में वारदातों को अंजाम देने के बाद यह गिरोह बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की जेब काटने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले कि वे किसी और श्रद्धालु को शिकार बनाते, बद्रीनाथ पुलिस ने उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
उक्त प्रकरण के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए टीम को उत्साहवर्धन स्वरूप ₹2,500/- का पारितोषिक प्रदान किया गया।
चमोली पुलिस की अपील:
पुलिस प्रशासन सभी श्रद्धालुओं से अपील करता है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पास में तैनात पुलिसकर्मी या सहायता केंद्र को दें। आपकी सुरक्षा ही हमारा संकल्प है।
नाम पता अभियुक्तगण-
1- कृष्ण कुमार पुत्र बीनू निवासी बाल्मिकी मौहल्ला थाना मोरमण्डी जिला भटिन्डा पंजाब उम्र- 28 वर्ष
2- दिया पत्नी अशूं व पुत्री नाहर सिंह निवासी मोरमण्डी भटिण्डा पंजाब उम्र 25 वर्ष
3- सुनील कुमार पुत्र महाराज सिंह निवासी ग्राम नगला सवाई राम सिंह थाना कुमेर जिला भरतपुर राजस्थान हाल पता तहसील मोरमण्डी भटिण्डा पंजाब उम्र- 26 वर्ष
4- ललित कुमार पुत्र प्रभुदयाल निवासी ग्राम -पूर तहसील कोट कासिम थाना कोट कासिम जिला अलवर राजस्थान उम्र- 31 वर्ष
जिन भी व्यक्तियों के मोबाइल फोन खोए हैं, वे इन चित्रों के माध्यम से अपने फोन की पहचान कर सकते हैं। यदि आपका फोन बरामद सामान में शामिल है, तो आप उससे संबंधित वैध दस्तावेज (जैसे बिल या बॉक्स) थाना सोनप्रयाग या कोतवाली बद्रीनाथ में प्रस्तुत कर सकते हैं। आवश्यक विधिक कार्यवाही उपरांत आप अपना मोबाइल फोन प्राप्त कर सकते हैं।

