46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने उठाए सवाल

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रहे 22 वर्षीय रिक्रूट विष्णु कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों ने कई सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि पटाखा फटने से ऊपर रखे बर्तन का एक टुकड़ा तेज गति से युवक के शरीर में घुसकर आर-पार हो गया। हालांकि, शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखकर परिजनों ने हादसे की बताई जा रही वजह पर संदेह जताया है। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिले के बदरपुर पथरी निवासी मांगीराम का 22 वर्षीय पुत्र विष्णु कुमार 26 अप्रैल से 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। रविवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रुद्रपुर पहुंच गए।

परिजनों का कहना है कि विष्णु के शरीर पर बना छेद और चोट के निशान घटना की बताई जा रही परिस्थितियों से मेल नहीं खाते। उनका सवाल है कि यदि पटाखा फटने से बर्तन का टुकड़ा शरीर के आर-पार हुआ, तो चोट के निशान भी उसी के अनुरूप होने चाहिए। परिजनों ने घटनास्थल का निरीक्षण कराने की मांग करते हुए कहा कि वहां की परिस्थितियों की जांच से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर परिजन उत्तराखंड पुलिस के पूर्व कांस्टेबल शेर सिंह के साथ रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस से कोई व्यक्तिगत शिकायत नहीं है, लेकिन विष्णु की मौत की सच्चाई सामने आनी चाहिए। किसी भी तरह की आशंका को दूर करने के लिए मामले की सीबीआई जांच कराई जाए।

परिजनों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने और जांच के बाद शव सौंपने की मांग भी उठाई। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही युवक की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, हरकी पैड़ी समेत गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़

Tue Nov 10 , 2026
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के पावन स्नान पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार तड़के से ही हरकी पैड़ी समेत शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!