उत्तराखण्ड : कांग्रेस के नेता भी कर रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ

चमोली : उत्तराखण्ड के चमोली जिले की राजनीति में इन दिनों कांग्रेस नेताओं के बयानों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पहले बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से अपने विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की थी। अब गौचर नगर पालिका अध्यक्ष और कांग्रेस नेता संदीप नेगी ने भी सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री की तारीफ कर जिले की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।
 
मामला गौचर मेले के उद्घाटन समारोह का है, जहां मंच से संदीप नेगी ने पालिका क्षेत्र में पूर्व में उठाई गई मांगों को पूरा करने और विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। कांग्रेस समर्थित नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की सार्वजनिक सराहना को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 
पहले विधायक लखपत बुटोला के बयान से हुई थी चर्चा
 
चमोली की राजनीति में कांग्रेस नेताओं की ओर से मुख्यमंत्री की तारीफ का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जुलाई में बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने गोपेश्वर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी की ओर से विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की थी।
 
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि अगले ही दिन विधायक बुटोला ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा था कि उन्होंने सरकार की प्रशंसा नहीं की, बल्कि अपनी विधानसभा क्षेत्र में जनता के लिए हुए विकास कार्यों की बात रखी थी। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज, जिला विकास प्राधिकरण और बदरीनाथ मंदिर से जुड़े मुद्दे भी उठाए थे।
 
मुख्यमंत्री के सामने संदीप नेगी को भाजपा में आने का न्योता
 
गौचर मेले के उद्घाटन मंच पर संदीप नेगी द्वारा मुख्यमंत्री की तारीफ किए जाने के बाद कार्यक्रम में एक दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम भी देखने को मिला।
 
प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने मंच से ही संदीप नेगी को भाजपा में शामिल होने का न्योता दे दिया। इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सहमति जताते हुए संदीप नेगी को भाजपा में आने के लिए प्रेरित किया।
 
मंच पर हुई इस बातचीत का सीधा प्रसारण भी हुआ। इसके बाद कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित होने लगा, जिससे चमोली की राजनीतिक चर्चाओं को और हवा मिल गई।
 
 
क्या विकास के मुद्दे बदल रहे हैं चमोली के राजनीतिक समीकरण?
 
चमोली जिले में लगातार दो कांग्रेस नेताओं की ओर से मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की सराहना किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
 
एक ओर कांग्रेस के जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का श्रेय मुख्यमंत्री को दे रहे हैं, तो दूसरी ओर भाजपा नेता इसे संगठन के विस्तार के अवसर के रूप में देख रहे हैं।
 
हालांकि संदीप नेगी की ओर से अभी तक भाजपा में शामिल होने को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए मुख्यमंत्री की तारीफ और भाजपा में शामिल होने के न्योते को फिलहाल अलग-अलग घटनाक्रम के रूप में ही देखा जा रहा है।
 
फिलहाल इतना जरूर है कि पहले विधायक लखपत बुटोला और अब नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी के बयानों ने चमोली की सियासत में नई चर्चा शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में यह घटनाक्रम जिले की राजनीति में क्या नया मोड़ लाता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
 
 
 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड की अद्वैता काला बनी प्रसार भारती की प्रधान सलाहकार

Sun Nov 15 , 2026
सुमाड़ी। उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है कि पौड़ी गढ़वाल के सुमाड़ी गांव की मूल निवासी अद्वैता काला को देश के सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती का प्रधान सलाहकार नियुक्त किया गया है। साहित्य, सिनेमा और पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान रखने वाली अद्वैता काला का चर्चित उपन्यास ‘ऑलमोस्ट सिंगल’ […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!